Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

Telangana Accident: तेलंगाना के महबूबनगर में भीषण सड़क हादसा! TGSRTC बस-कंटेनर की टक्कर, 3 की मौत, 11 घायल

तेलंगाना के महबूबनगर जिले में शनिवार (7 मार्च 2026) को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ, जब हैदराबाद से तिरुपति जा रही Telangana State Road Transport Corporation (TGSRTC) की एक बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रहे कंटेनर लॉरी से जा टकराई. इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर पहुंची पुलिस तथा स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया.

पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना मूसापेट मंडल के कोम्मिरेड्डीपल्ली इलाके के पास हुई. बताया जा रहा है कि बस हैदराबाद से तिरुपति की ओर जा रही थी. अचानक बस चालक का वाहन पर नियंत्रण खो गया, जिसके कारण बस डिवाइडर को पार कर विपरीत दिशा में चली गई और सामने से आ रहे कंटेनर लॉरी से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.

तेलंगाना हादसे में किसकी हुई मौत?

हादसे में कंटेनर लॉरी के चालक और क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस चालक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. पुलिस ने बताया कि बस में सवार 11 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए गर्वेमेंट जनरल हॉस्पिटल महबूबनगर में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. दुर्घटना के बाद बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए राहत कार्य चलाया गया. कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे, जिन्हें बस के इमरजेंसी दरवाजे से बाहर निकाला गया. स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की और एंबुलेंस आने तक घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.

दुर्घटना के कारणों की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और यातायात को नियंत्रित करते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक का वाहन से नियंत्रण अचानक छूट जाने के कारण यह हादसा हुआ. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है. वहीं प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज के लिए अस्पताल को आवश्यक निर्देश दिए हैं.

स्रोत: ABP Hindi