इमेज स्रोत, Lev Radin/Pacific Press/LightRocket via Getty Images संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राज्यमंत्री लाना नुसैबेह ने खाड़ी देशों पर ईरान के हमलों की निंदा की है. उन्होंने इन्हें बेहद गंभीर, ग़ैरक़ानूनी और बिना उकसावे के किए गए हमले बताया. उन्होंने कहा कि हमलों का पैमाना ही नहीं, बल्कि यह भी चौंकाने वाला है कि ईरान ने इस संघर्ष में पूरे क्षेत्र को खींच लिया है. नुसैबेह ने इस सवाल का सीधा जवाब देने से इनकार किया कि क्या उनका देश ईरान के ख़िलाफ़ जवाबी कार्रवाई करेगा. उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने का रास्ता कूटनीति ही होना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि यूएई को आत्मरक्षा का अधिकार है, लेकिन अमेरिका को ईरान पर हमला करने के लिए यूएई के हवाई क्षेत्र या उसकी ज़मीन का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था मज़बूत है और ऑइल इन्फ़्रास्ट्रक्चर और पर्यटन उद्योग पर हुए हमलों के झटके को झेल सकती है. इसमें दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और कुछ होटलों पर हुए हमले भी शामिल हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उन खबरों की जानकारी है जिनमें बताया गया है कि ड्रोन और मिसाइल हमलों की तस्वीरें लेने से जुड़े सख्त कानूनों के तहत कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. आरोप लगाया जा रहा है कि यह कदम यूएई में मौजूदा हालात की असल तस्वीर सामने आने से रोकने की कोशिश है. लेकिन नुसैबेह ने इन ख़बरों को ग़लत बताया है. दिल्ली में आयोजित हुई एक समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में एलपीजी गैस को लेकर बने हालातों और ईरान युद्ध पर अपनी बात रखी है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमारे बहुत ही पास में एक बड़ा युद्ध चल रहा है. इस युद्ध ने पूरी दुनिया को बहुत बड़े ऊर्जा संकट में डाल दिया है." उन्होंने कहा, "एक देश के तौर पर यह बहुत अहम है कि हम इसका मुक़ाबला कैसे करते हैं." पीएम ने कहा, "आजकल एलपीजी को लेकर बहुत चर्चा हो रही है. कुछ लोग हैं जो पैनिक क्रिएट करने का प्रयास कर रहे हैं. अपना एजेंडा चलाना चाहते हैं." उन्होंने कहा, "मैं इस समय उन पर राजनीतिक टिप्पणी नहीं करना चाहता. लेकिन इतना ज़रूर कहूंगा ऐसा करके वो जनता के सामने खुद तो एक्सपोज हो ही रहे हैं. पूरे देश का भी बहुत बड़ा नुक़सान कर रहे हैं." पीएम मोदी ने कहा, "आज जो यह वैश्विक संकट आया उसके प्रभाव से कोई भी देश अछूता नहीं है. कम अधिक मात्रा में हर कोई इस संकट का शिकार हुआ है. भारत इस संकट से निपटने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहा है." ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई की ओर से जारी एक बयान में कहा गया था कि 'ईरान मारे गए ईरानियों के ख़ून का बदला लेने से जरा भी नहीं हिचकिचाएगा.' इस बयान पर वहां के लोगों ने प्रतिक्रिया दी है. ईरान में सरकार की ओर लगाए गए इंटरनेट शटडाउन की वहज से वहां के लोगों से संपर्क करना आसान नहीं है, लेकिन भी फिर भी कुछ लोगों से थोड़ी देर के लिए संपर्क हो पाया है. लोगों ने ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई के बयान पर प्रतिक्रिया दी है. जानिए उन्होंने क्या कहा… तेहरान में रहने वाले एक 30 वर्षीय शख़्स ने कहा है कि यह बहुत भड़काऊ बयान है. यह दिखाता है कि भीतर से कुछ नहीं बदला जा सकता है. एक 40 वर्षीय महिला ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि यह उनका बयान था. मुझे लगता है कि देश का कंट्रोल इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के हाथ में है.” करज शहर के रहने वाले एक शख़्स ने कहा है “वह (मोजतबा) अपने पिता से भी ज़्यादा बेकार है.” अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ हालात बहुत तेज़ी से बदल रहे हैं. ट्रंप ने कहा, “हमारा अभियान बहुत अच्छी तरह से चल रहा है. हमारी सेना बेजोड़ है, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ, और न ही किसी ने कभी ऐसा कुछ देखा है.” उन्होंने कहा है, "हम वही कर रहे हैं जो करना ज़रूरी है. यह बहुत पहले किया जाना चाहिए था. पिछले 47 सालों में यह किसी की भी ओर किया जा सकता था. पर उन्होंने ऐसा ना करना चुना." ट्रंप ने कहा, "ईरान एक आतंक और नफ़रत से भरा देश है जिसकी वे भारी कीमत चुका रहे हैं." भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से बातचीत की है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है. प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा है, "क्षेत्र (मध्य पूर्व) की गंभीर स्थिति पर मैंने ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेज़ेशकियान से बातचीत की है." उन्होंने लिखा, “तनाव बढ़ने, आम नागरिकों के मारे जाने और सिविल इन्फ्रास्ट्रक्चर को हुए नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की.” पीएम मोदी ने लिखा, "भारतीय लोगों की सुरक्षा, सामान और ऊर्जा की बिना रुकावट आवाजाही भारत की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. शांति और स्थिरता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को हमने फिर दोहराया है. साथ ही बातचीत और कूटनीति के जरिए समस्या का हल निकालने की अपील है.” बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
स्रोत: BBC Hindi