असम विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है. वरिष्ठ नेता और सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे ने पार्टी की रणनीति और अंदरूनी हालात पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने इसे “बहुत दुर्भाग्यपूर्ण” करार दिया और संकेत दिया कि टिकट बंटवारे को लेकर नाराज़गी इस फैसले की मुख्य वजह हो सकती है. प्रियंका गांधी ने कहा,'यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. मेरा मानना है कि वे एक टिकट के आवंटन को लेकर नाराज़ थे और हमें अफसोस है कि इस मुद्दे पर उनसे बात करने का मौका नहीं मिल सका.” उनका यह बयान बताता है कि अगर समय रहते संवाद होता, तो शायद स्थिति इतनी गंभीर नहीं बनती. दूसरी ओर, प्रद्युत बोरदोलोई ने अपने इस्तीफे के पीछे पार्टी के भीतर उपेक्षा और अपमान को मुख्य कारण बताया. उन्होंने कहा, 'आज मैंने अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण सिद्धांतों में से एक को छोड़ दिया है और मैं इससे खुश नहीं हूं, लेकिन यह फैसला इसलिए लेना पड़ा क्योंकि कांग्रेस पार्टी के भीतर, खासकर असम कांग्रेस में, कई मुद्दों पर मुझे अपमानित किया जा रहा था. यहां तक कि पार्टी नेतृत्व भी मेरे प्रति सहानुभूति नहीं दिखा रहा था. मैंने अपना पूरा जीवन कांग्रेस के साथ बिताया है, लेकिन अब मैं खुद को बहुत अकेला महसूस कर रहा हूं.' इस बीच, कांग्रेस ने स्थिति को संभालने की कोशिश करते हुए बोरदोलोई के बेटे प्रतीक बोरदोलोई को मार्गेरिटा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है. इसे सियासी संतुलन साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है, लेकिन यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या इससे संगठन के भीतर की नाराज़गी कम होगी. उधर शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने केंद्र की सत्तारूढ़ भाजपा पर विपक्ष को कमजोर करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, 'जो हो रहा है वह चिंता का विषय है. कांग्रेस से लगातार लोगों का जाना और राज्यसभा में क्रॉस वोटिंग इसका उदाहरण है. सत्तारूढ़ पार्टी जिस तरह दबाव और लालच का इस्तेमाल कर विपक्ष को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है, वह शर्मनाक है. भाजपा में प्रतिभा की कमी है, इसलिए उसे अन्य दलों से लोगों को लाना पड़ रहा है.' असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने भी बोरदोलोई से मुलाकात के बाद कहा, 'असम के मुख्यमंत्री हमारे वरिष्ठ सांसद प्रद्युत बोरदोलोई की छवि को मीडिया के जरिए राजनीतिक रूप से खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. मैंने और महासचिव जितेंद्र सिंह ने उनसे मुलाकात कर आगामी चुनावों पर विस्तृत चर्चा की है.'उन्होंने आगे कहा, 'मैं उनसे बात करके आया हूं और मीडिया में जिस तरह की बातें सामने आ रही हैं, उसकी मैं निंदा करता हूं.' बीजेपी ने दावा हमसे कोई बातचीत नहीं वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, 'मेरा प्रद्युत बोरदोलोई से कोई संपर्क नहीं है. मुझे नहीं लगता कि उन्होंने अभी तक किसी भाजपा नेता से बात की है. भविष्य में उनसे संपर्क होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.' गौरतलब है कि असम में 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा और 4 मई को मतगणना होगी. भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए संघर्ष कर रही है. मयंक प्रताप सिंह एक वरिष्ठ पत्रकार और डिजिटल न्यूज़ प्रोफेशनल हैं, जिनके पास इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 18 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उन्होंने देश के प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ काम करते हुए ब्रेकिंग न्यूज़, पॉलिटिकल कवरेज, ग्राउंड रिपोर्टिंग और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी के क्षेत्र में मजबूत पहचान बनाई है. अपने करियर की शुरुआत से ही मयंक ने न्यूज़रूम की बदलती जरूरतों के अनुरूप टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म दोनों पर कंटेंट डेवलपमेंट और न्यूज़ मैनेजमेंट में विशेषज्ञता हासिल की. उन्होंने इंडिया टुडे ग्रुप में लंबे समय तक कार्य करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रमुख खबरों, विशेष श्रृंखलाओं और डिजिटल न्यूज़ पैकेजिंग पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इसके बाद उन्होंने GNT (Good News Today) में इनपुट लीड के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़रूम ऑपरेशन, स्टोरी प्लानिंग, रिपोर्टर कोऑर्डिनेशन और कंटेंट क्वालिटी कंट्रोल की जिम्मेदारियाँ संभालीं. ज़ी न्यूज़ में रहते हुए उन्होंने मल्टी-प्लेटफॉर्म न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल एंगल स्टोरीज़ और स्पेशल प्रोजेक्ट्स पर काम किया. IBN7 (वर्तमान News18 India) में इनपुट टीम का हिस्सा रहते हुए मयंक ने पॉलिटिकल, सोशल और नेशनल इश्यूज़ पर कई महत्वपूर्ण कवरेज को लीड किया. वर्तमान में मयंक सिंह ABP News में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं, जहाँ वे डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए कंटेंट स्ट्रेटेजी, ब्रेकिंग न्यूज़ मैनेजमेंट, एक्सप्लेनेर और इन-डेप्थ वेब कॉपीज़ पर विशेष ध्यान देते हैं. वे SEO-फ्रेंडली न्यूज़ लेखन, डेटा-ड्रिवन स्टोरीज़, ग्राउंड-आधारित रिपोर्टिंग और रियल-टाइम डिजिटल पब्लिशिंग में दक्ष हैं. मयंक की पत्रकारिता का फोकस राजनीति, चुनाव, सामाजिक मुद्दे, पब्लिक पॉलिसी और ग्राउंड रियलिटी आधारित रिपोर्टिंग रहा है. वे न्यूज़रूम में स्पीड, एक्युरेसी और एनालिटिकल अप्रोच के लिए जाने जाते हैं. उनका उद्देश्य डिजिटल युग में पाठकों को विश्वसनीय, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उपलब्ध कराना है.
स्रोत: ABP Hindi