कोलंबिया में अधिकारियों ने बताया है कि देश के दक्षिणी हिस्से में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद वायु सेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कम से कम 66 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए. सेना ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर बताया, "प्यूर्टो लेगुइज़ामो में हरक्यूलिस विमान हादसे के बाद घायलों की मदद के लिए हमारे सैन्यकर्मी घटनास्थल पर पहुँच गए हैं." सेना ने अपनी पोस्ट में कई तस्वीरें शेयर की हैं और बताया है कि घायलों को विशेष उपचार के लिए ले जाया जा रहा है. सेना ने कहा, "हम पूरे कोलंबिया की एकजुटता और उन संस्थाओं के सहयोग के लिए भी आभारी हैं जो लोगों को सुरक्षित निकालने, बचाने और राहत कार्य में योगदान दे रहे हैं." वहीं समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने अधिकारियों के हवाले से बताया, "सोमवार को कोलंबियाई वायु सेना का एक विमान, जिसमें 125 लोग सवार थे, देश के दक्षिणी अमेज़न क्षेत्र में उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया." इमेज स्रोत, Issam Rimawi/Anadolu via Getty Images मध्य पूर्व में जारी जंग के बीच खाड़ी के कई देशों से लगातार हमले की सूचना आ रही है. बहरीन के गृह मंत्रालय ने हमलों को लेकर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है. गृह मंत्रालय ने कुछ देर पहले एक्स पर एक पोस्ट में बताया, “सायरन सक्रिय कर दिए गए हैं. लोगों से अनुरोध है कि वे शांत रहें और क़रीबी सुरक्षित स्थान पर चले जाएं.” गृह मंत्रालय ने कहा है कि सभी लोग आधिकारिक माध्यमों से दी जाने वाली सूचना का पालन करें. इसके साथ ही कुवैत की सेना ने सोमवार रात से लेकर मंगलवार सुबह तक एक्स पर पोस्ट में देश पर कई बार मिसाइल और ड्रोन हमलों की जानकारी दी है. सेना ने एक एक्स पोस्ट के ज़रिए कुछ ही देर पहले जानकारी दी है, "कुवैती एयर डिफेंस अभी दुश्मन के मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर रहे हैं." "आर्मी के जनरल स्टाफ ने बताया है कि अगर धमाके की आवाज़ें सुनाई देती हैं, तो वे एयर डिफेंस सिस्टम के दुश्मन के हमलों को रोकने का नतीजा हैं." सेना ने सभी लोगों से आग्रह किया है कि वे संबंधित अधिकारियों की तरफ से सुरक्षा के लिए जारी निर्देशों का पालन करें. कुवैत ने यह भी बताया है कि मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोकने के बाद उनका मलबा गिरने से इलेक्ट्रिक ग्रिड को नुक़सान हुआ है और इससे बिजली की सप्लाई बाधित हुई है. इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने एक्स पर एक वीडियो बयान जारी किया है. नेतन्याहू ने कहा, ''राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि अमेरिकी सेना के साथ हमने जो ज़बरदस्त कामयाबी हासिल की है, उसका फ़ायदा उठाकर समझौते में युद्ध के मक़सद को पूरा करने का एक मौक़ा है. एक ऐसा समझौता जो हमारे ज़रूरी हितों की रक्षा करेगा.'' नेतन्याहू ने कहा, ''साथ ही हम ईरान और लेबनान दोनों जगह हमला करना जारी रखे हुए हैं. हम (ईरान के) मिसाइल और न्यूक्लियर प्रोग्राम को ख़त्म कर रहे हैं, और हिज़्बुल्लाह पर लगातार बड़े हमले कर रहे हैं.'' उन्होंने कहा, “कुछ ही दिन पहले, हमने दो और न्यूक्लियर साइंटिस्ट को मार दिया. हम किसी भी हालत में अपने ज़रूरी हितों की रक्षा करेंगे." अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस ने ईरान के साथ 'संभावित बातचीत' को लेकर लगाए जा रहे कयासों को शांत करने की कोशिश की है. इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया था कि दोनों पक्ष समझौते की दिशा में "बड़ी" प्रगति कर रहे हैं. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि मध्य पूर्व में चल रहे टकराव को पूरी तरह ख़त्म करने को लेकर बातचीत हुई है. उन्होंने कहा कि 'पूरी तरह समाधान' के मुद्दे पर 'सकारात्मक बातचीत' हुई है. हालांकि ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बातचीत वाले बयान को नकार दिया है. इस बीच ईरान युद्ध के मुद्दे पर अलग-अलग नेताओं की तरफ से आ रहे बयानों के बीच ऐसी ख़बरें भी सामने आने लगीं कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तान में इस बातचीत में शामिल हो सकते हैं. लेकिन व्हाइट हाउस का कहना है फ़िलहाल हालात "अस्थिर" है. उसने यह भी कहा कि अमेरिका और ईरान के किसी भी शीर्ष नेता के बीच किसी औपचारिक बैठक की घोषणा नहीं की गई है. व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लेविट ने बीबीसी को दिए एक बयान में कहा, "ये संवेदनशील कूटनीतिक चर्चाएं हैं और अमेरिका प्रेस के माध्यम से बातचीत नहीं करेगा." लेविट ने कहा, "यह एक अस्थिर स्थिति है, और बैठकों को लेकर लगाए जा रहे कयासों को तब तक अंतिम नहीं माना जाना चाहिए जब तक कि व्हाइट हाउस इसकी औपचारिक घोषणा न कर दे." बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. ट्रंप बोले अमेरिका और ईरान के बीच जंग खत्म करने पर हुई बातचीत, ईरान के विदेश मंत्रालय ने किया इनकार ईरानी मिसाइलों का सामना कर रहे सऊदी अरब, क़तर और कुवैत जैसे देशों के पास कितनी सैन्य ताकत? ईरान का शहज़ादा जिसकी ज़मीन पर बना है बिहार का सबसे बड़ा अस्पताल 'पीएमसीएच' ईरान युद्ध पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, हालात चिंताजनक, भारत के सामने अप्रत्याशित चुनौतियाँ
स्रोत: BBC Hindi