उत्तर प्रदेश की सियासत फिर गरमा रही है. चुनाव भले अभी दूर हों, लेकिन बयान ऐसे आ रहे हैं जैसे मैदान सज चुका हो. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलकर तारीफ करते हुए समाजवादी पार्टी और 'PDA’ राजनीति पर सीधा हमला बोला है. उनके बयान में आत्मविश्वास भी है और विपक्ष के लिए चेतावनी भी.
एबीजी न्यूज से एक्सक्लूसिव बातचीत में नितिन नबीन ने बीजेपी की राजनीति को ‘विकास मॉडल’ के रूप में पेश किया. उन्होंने कहा कि राज्य की योगी सरकार ने हर गरीब के घर तक योजना को पहुंचाया है और ये सारी योजनाएं गरीब का चेहरा देखकर उसके जात और धर्म को देखकर काम नहीं किया है, बल्कि सबका साथ सबका विकास के मॉडल पर हर जन तक पहुंचाया है.
‘हैट्रिक’ के लिए तैयार बीजेपी, बंगाल से यूपी तक ‘कमल’ का दावा
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से जब पूछा गया कि क्या यूपी में बीजेपी हैट्रिक लगाएगी, तो उनका जवाब साफ था- निश्चित रूप से उसके लिए भी पूरी तैयारी है. यानी संगठन स्तर पर पार्टी पहले से ही चुनावी मोड में आ चुकी है. पश्चिम बंगाल के चुनाव के बीच देश के सबसे बड़े राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के संदेश को और स्पष्ट करते हुए नितिन नबीन ने पश्चिम बंगाल का जिक्र किया. उन्होंने कहा, 'गंगा नदी अब बह के निकल रही है... बंगाल से टीएमसी को बंगाल की खाड़ी में समाप्त होते ही निश्चित रहिए उत्तर प्रदेश में भी कमल ही खिलेगा.'
बीजेपी की ताकत गिनाते हुए नितिन नबीन ने कहा, 'बीजेपी का कार्यकर्ता फुल टाइम पॉलिटिक्स करता है... हम 24X7 काम करते हैं.' यह बयान बीजेपी के कैडर-आधारित ढांचे और लगातार जमीनी जुड़ाव को रेखांकित करता है.
स्रोत: ABP Hindi