इमेज स्रोत, NATHAN HOWARD/POOL/AFP via Getty Images अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने होर्मुज़ स्ट्रेट को "आर्थिक परमाणु हथियार" जैसा बताया और कहा कि ईरान इसे दुनिया के खिलाफ इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहा है. अमेरिकी टीवी चैनल फ़ॉक्स न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में मार्को रुबियो ने कहा, "ईरान गर्व से कह रहा है कि वह दुनिया की 20 से 25 प्रतिशत एनर्जी को रोक सकता है. सोचिए अगर ईरान को परमाणु हथियार मिल गए, तो वह पूरे क्षेत्र को बंधक बना लेगा." मार्को रुबियो ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस संघर्ष के बाद पूरी दुनिया ईरान से होने वाले ख़तरे को समझ गई होगी. उनके अनुसार, जो काम ईरान परमाणु हथियारों से करना चाहता है, वही वह अभी तेल के ज़रिए कर रहा है. मार्को रुबियो ने कहा, "जिन समस्याओं का सामना ईरान संघर्ष से पहले कर रहा था, वे अब भी हैं या और बढ़ गई हैं, लेकिन अब उसके पास पहले से आधे मिसाइल हैं. कोई फ़ैक्ट्री नहीं बची और उसकी नौसेना ख़त्म हो गई है." इस साल की शुरुआत में ईरान में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों और सरकार की कार्रवाई का ज़िक्र करते हुए रुबियो ने कहा, "हम चाहते थे कि ईरानी जनता की आवाज़ सुनी जाए, न कि सड़कों पर 30 से 40 हज़ार लोगों को मार दिया जाए." ईरान ने हाल ही में अमेरिका को युद्ध ख़त्म करने का प्रस्ताव भेजा था. लेकिन रॉयटर्स ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप इससे खुश नहीं हुए. ईरान ने हाल ही में अमेरिका को युद्ध ख़त्म करने के लिए नया प्रस्ताव भेजा था, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इससे ख़ुश नहीं हैं. रॉयटर्स ने एक अधिकारी के हवाले से जानकारी दी कि ट्रंप के नाख़ुश होने की वजह ये है कि प्रस्ताव में ईरान के परमाणु कार्यक्रम का ज़िक्र नहीं है. इससे पहले व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलाइन लेविट ने बताया था कि राष्ट्रपति ट्रंप इस प्रस्ताव पर अपने वरिष्ठ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के साथ चर्चा कर रहे हैं. इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है और इस इलाक़े से ऊर्जा की आपूर्ति कम हो गई है. दूसरी ओर, पिछले दो दिनों में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची पाकिस्तान, ओमान और रूस की यात्रा कर चुके हैं. माना जा रहा है कि उनका मक़सद ईरान के लिए समर्थन जुटाना है. गौरतलब है कि इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच दूसरे दौर की बातचीत नहीं हो पाई, जिसके बाद ट्रंप ने कहा था कि ईरान अपना प्रस्ताव फ़ोन के ज़रिए भी भेज सकता है. संबंधित कहानी: ट्रंप ने अपने दूतों का इस्लामाबाद दौरा रद्द किया, ईरान से बातचीत न करने की क्या वजह बताई इमेज स्रोत, Alexi J. Rosenfeld/Getty Images अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डिज़्नी और एबीसी से होस्ट और कॉमेडियन जिमी किमेल को तुरंत नौकरी से निकालने की मांग की है. इसकी वजह वह मज़ाक है जो लेट-नाइट होस्ट ने फ़र्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप के बारे में अपने शो में किया, जिसमें उन्होंने मेलानिया को एक 'एक्सपेक्टेंट विडो' कह दिया था. डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मैं आमतौर पर जिमी किमेल की किसी बात पर ध्यान नहीं देता, लेकिन यह टिप्पणी हद से बाहर है. जिमी किमेल को तुरंत डिज़्नी और एबीसी से निकाल देना चाहिए." मेलानिया ट्रंप ने भी जिमी किमेल की आलोचना की है. फ़र्स्ट लेडी ने किमेल की बातों को 'नफ़रत भरी और हिंसक' बताया. साथ ही उनके चैनल एबीसी से इस व्यवहार पर कार्रवाई की मांग की. मेलानिया ट्रंप ने एक्स पर पोस्ट करते लिखा, "जिमी जैसे लोगों को हर शाम हमारे घरों में घुसकर नफ़रत फैलाने का मौका नहीं मिलना चाहिए. उनके शब्द ज़हरीले हैं." गौरतलब है कि होस्ट जिमी किमेल की यह टिप्पणी व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर से कुछ दिन पहले की थी. इमेज स्रोत, Truth Social/@realDonaldTrump व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान फ़ायरिंग करने वाले शख़्स पर 'अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश' का आरोप लगाया गया है. 31 वर्षीय कोल टोमस एलेन पर सोमवार को वॉशिंगटन डीसी की अदालत में पेश होने पर दो हथियारों से जुड़े आरोप भी लगे. उसने कोई दलील नहीं दी. जज के सवालों का जवाब उसने धीमी आवाज़ में दिया और लगभग हर सवाल पर "हां, योर ऑनर" या "नहीं, योर ऑनर" कहा. अगर संदिग्ध शख़्स दोषी पाया गया तो उसे उम्रकैद की सज़ा हो सकती है. कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन डिनर में फ़ायरिंग के दौरान एक सीक्रेट सर्विस एजेंट घायल हुआ, लेकिन गंभीर चोट नहीं आई. गौरतलब है कि संदिग्ध हमलावर ने लिंक्डइन पर खुद को मैकेनिकल इंजीनियर, गेम डेवलपर और शिक्षक बताया है. वह कैलिफ़ोर्निया के टॉरेंस के रहने वाला है. संबंधित कहानी: ट्रंप और प्रशासन के आला अधिकारी थे हमलावर के संभावित टारगेट, मैकेनिकल इंजीनियर था संदिग्ध बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. - पश्चिम बंगाल में टीएमसी बनाम बीजेपी की जंग में कहाँ हैं वामपंथी पार्टियां? - सिंधु जल संधि के निलंबन से पाकिस्तान को एक साल में कितना नुक़सान हुआ? - दिनेश त्रिवेदी: टीएमसी कार्यकर्ता से लेकर बांग्लादेश में भारत का उच्चायुक्त बनने तक - रूस में इंटरनेट पर सरकार की मज़बूत होती पकड़ से बढ़ती नाराज़गी - कभी नज़्म सुनाती, कभी गीत गाती सयानी घोष कैसे बनीं टीएमसी की स्टार प्रचारक
स्रोत: BBC Hindi