Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

आंधी-तूफान का फ्लाइट पर असर, दिल्ली एयरपोर्ट की सलाह- एयरलाइन से करें संपर्क, मेट्रो का करें इस्तेमाल

दिल्ली-NCR में गुरुवार (28 मई 2026) की शाम को मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला. शहर के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई. वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया और पूरे शहर में खराब मौसम की चेतावनी दी. आईएमडी ने कहा कि दिल्ली में कई स्थानों पर बिजली गिरने, धूल भरी आंधी और छिटपुट ओलावृष्टि के साथ बारिश होने की संभावना है, जिसमें हवा की स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की उम्मीद है.

दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी

मौसम विभाग के अनुसार, बारिश और गरज के साथ तूफान का यह सिलसिला 31 मई तक जारी रहने की संभावना है. दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने जानकारी दी है कि दिल्ली में खराब मौसम और आंधी-तूफान की आशंका के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर कुछ उड़ानों पर असर पड़ सकता है. एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी फ्लाइट की जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन कंपनी से संपर्क करें.

दिल्ली एयरपोर्ट ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'आंधी-तूफान के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर कुछ उड़ानों पर असर पड़ सकता है. यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी फ्लाइट की जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें. साथ ही, एयरपोर्ट तक पहुंचने में संभावित देरी से बचने के लिए दिल्ली मेट्रो जैसे वैकल्पिक परिवहन साधनों का उपयोग करें.'

कम हुआ दिल्ली का तापमान

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस कम रहा. मौसम विभाग ने यह भी बताया कि गुरुवार को दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया.

स्काईमेट के महेश पलावत ने कहा, 'राजस्थान के उत्तरी हिस्सों में पहले ही गरज के साथ बारिश शुरू हो चुकी है और शाम तक दिल्ली में भी यह सिलसिला शुरू होने तथा पूरी रात जारी रहने का अनुमान है.' पलावत के अनुसार, शुक्रवार को आंधी-बारिश की तीव्रता और बढ़ने के आसार हैं और यह दौर 30 मई तक जारी रह सकता है. उन्होंने बताया कि 30-31 मई को इस मौसम प्रणाली के गुजरात की तरफ बढ़ने की संभावना है. 

स्रोत: ABP Hindi