14वें दलाई लामा के 91वें जन्मदिन के मौके पर वेस्टलैंड बुक्स ने उनकी नई जीवनी 'Eternal Light: The Life and Legacy of the 14th Dalai Lama' की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है. यह बुक वरिष्ठ पत्रकार और लेखक डॉ. अरविंद यादव ने लिखी है. यह 30 जुलाई 2026 को प्रकाशित होगी.
यह बुक दलाई लामा के जीवन की अहम घटनाओं, तिब्बत के आधुनिक इतिहास और निर्वासन में रह रहे तिब्बती समुदाय के संघर्ष तथा उनकी सांस्कृतिक पहचान को संजोए रखने के प्रयासों को सरल और तथ्यात्मक तरीके से पेश करती है. इसमें उनके बचपन से लेकर दुनिया के सबसे सम्मानित आध्यात्मिक नेताओं में शामिल होने तक की यात्रा का वर्णन किया गया है.
दलाई लामा ने पुस्तक के बारे में कहा कि उन्हें खुशी है कि यह जीवनी अंग्रेज़ी, हिंदी और तेलुगु में उपलब्ध होगी. इससे अधिक लोग तिब्बत के इतिहास और वहां के लोगों की चुनौतियों को समझ सकेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक प्रेम, करुणा, सहिष्णुता, क्षमा, दया और मानवता की एकता का संदेश आगे बढ़ाएगी.
लेखक डॉ. अरविंद यादव ने कहा कि इस पुस्तक में दलाई लामा के जीवन से जुड़े कई ऐसे तथ्य शामिल हैं, जो अब तक व्यापक रूप से सामने नहीं आए थे. उनका मानना है कि पाठकों को इससे जीवन को बेहतर ढंग से समझने और प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा.
वेस्टलैंड बुक्स की प्रकाशक एवं संपादक मीनाक्षी ठाकुर ने कहा कि दलाई लामा के आशीर्वाद के साथ इस जीवनी को प्रकाशित करना उनके लिए सम्मान की बात है. उन्होंने बताया कि पुस्तक में दलाई लामा के बचपन और शुरुआती जीवन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई हैं. पुस्तक की प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है और यह सभी प्रमुख ऑनलाइन एवं ऑफलाइन बुकस्टोर्स पर उपलब्ध होगी.
स्रोत: ABP Hindi