पूर्व सांसद और बाहुबली नेता अतीक़ अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की गुरुवार को झांसी में एक सड़क हादसे में मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक़, यह हादसा कानपुर-झांसी हाइवे पर झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में खिल्ली गांव के पास गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुआ. हादसे में एक और शख्स की भी मौत हुई है और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. झांसी के पूंछ थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "इस सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है. जबकि तीन लोग घायल हैं. घायलों का इलाज कराया जा रहा है." उन्होंने बताया, "एक तरफ़ बाइक और दूसरी तरफ़ जानवर आ गया, बाइक सवार को बचाने के लिए गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई. गाड़ी पर आर्मी लिखा है. जिस समय कार डिवाइडर से टकराई उस समय कार काफी स्पीड में थी." झांसी ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "सड़क हादसे में अबान अहमद नाम के युवक की मौत हुई है, जिसे अतीक़ अहमद का बेटा बताया जा रहा है. ये जेल में बंद भाई से मिलने झांसी जा रहे थे, इनके नाम से जेल में पर्ची कटी है." अतीक़ अहमद की 15 अप्रैल 2023 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस हिरासत के दौरान मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय तीन हमलावरों ने उनकी और उनके भाई अशरफ़ की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस घटना से एक महीने पहले मार्च 2023 में प्रयागराज की एमपी-एमएलए कोर्ट ने अतीक़ अहमद को दोषी क़रार देते हुए उमेश पाल अपहरण केस में उम्र क़ैद की सज़ा सुनाई थी और अपहरण के साथ अन्य अभियुक्तों को अदालत ने बरी कर दिया था. उमेश पाल साल 2005 में हुई यूपी के विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में मुख्य गवाह थे. 24 फ़रवरी 2023 को प्रयागराज में उनकी हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पेशी के लिए अतीक़ अहमद को गुजरात की साबरमती जेल से भारी सुरक्षा के बीच प्रयागराज की नैनी जेल पहुंचाया गया था. बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित. BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
स्रोत: BBC Hindi