मुंबई के भुलेश्वर इलाक़े में शनिवार रात गणपति की विशाल मूर्ति के आगमन जुलूस के दौरान हादसा हो गया. ‘भुलेश्वरचा राजा’ की मूर्ति गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए. यह जानकारी बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने दी है. न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, हादसा शनिवार रात करीब 9:51 बजे भुलेश्वर के जय अंबे चौक में कबूतरखाना के पास हुआ. यहां गणपति की मूर्ति का आगमन समारोह चल रहा था. घटना की जानकारी मिलते ही बीएमसी, मुंबई फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और बीएससी के कर्मचारियों समेत कई एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं. बीएससी ने बताया कि शुरुआत में एक व्यक्ति को जी टी अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अधिकारियों ने पुष्टि की कि हादसे में कुल दो लोगों की मौत और पांच लोग घायल हुए हैं. घायलों में 5 और 7 साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं. इमेज स्रोत, ERNESTO BENAVIDES / AFP via Getty Images चिली सरकार ने कहा है कि वह 31 अगस्त से ईरान में अपना दूतावास बंद कर देगी. हालांकि, सरकार ने साफ किया है कि इसका मतलब दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध खत्म करना नहीं है. चिली के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, तेहरान में दूतावास बंद होने के बाद वहां रहने वाले चिली के लोगों से जुड़े काम तुर्की की राजधानी अंकारा में मौजूद चिली के वाणिज्य दूतावास के जरिए किए जाएंगे. मंत्रालय ने इस फैसले की वजह कामकाज में बदलाव, संसाधनों को दूसरी प्राथमिकताओं में लगाना और मध्य-पूर्व की मौजूदा सुरक्षा स्थिति को लेकर एहतियाती कदम बताया है. यह फैसला ऐसे समय में आया है जब चिली के विदेश मंत्री फ्रांसिस्को पेरेज़ मैकेना चीन की अपनी आधिकारिक यात्रा पूरी कर रहे हैं. चीन चिली का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है. चिली के दक्षिणपंथी राष्ट्रपति जोस एंटोनियो कास्ट ने मार्च में सत्ता संभाली थी. उनकी नीतियां कई मामलों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार के करीब रही हैं. हालांकि, हाल के हफ्तों में उनकी सरकार के कुछ सदस्यों ने लैटिन अमेरिका को लेकर अमेरिका के रुख़ पर सवाल भी उठाए हैं. इमेज स्रोत, Dave Chan / AFP via Getty Images कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि अमेरिका की ओर से कनाडा पर लगाए गए नए टैरिफ़ ''एक बड़ा मिसकैकुलेशन'' हैं, जिनका मक़सद ''कनाडा को नुक़सान पहुंचाना और बांटना'' है. यह बयान शुक्रवार देर रात अमेरिका-कनाडा के बीच व्यापार बातचीत नाकाम होने के बाद आया. शनिवार सुबह कनाडा के लोगों को संबोधित करते हुए कार्नी ने कहा, ''अमेरिका ने बहुत ज्यादा मांग की और बदले में बहुत कम देने की पेशकश की." उन्होंने कहा कि अब कनाडा ट्रेड वॉर की स्थिति में है, क्योंकि अमेरिका ने कनाडाई सामान पर भारी नए टैरिफ़ लगा दिए हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि कनाडा भी 8 सितंबर से अमेरिका के टैरिफ़ का 'डॉलर-फॉर-डॉलर' जवाब देगा. इसमें स्टील, डेयरी सामान, घरेलू उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक्स पर लगाए गए टैक्स भी शामिल होंगे. ट्रेड टॉक नाकाम होने से इन दोनों करीबी सहयोगी देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मज़बूत व्यापारिक रिश्ते को बड़ा झटका लगा है. फ़िलहाल इस विवाद को सुलझाने का कोई साफ रास्ता नजर नहीं आ रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अभी तक इस मामले पर कोई बयान नहीं दिया है. हफ्ते की शुरुआत में दोनों देशों को उम्मीद थी कि कोई समझौता हो जाएगा. लेकिन बातचीत तब बिगड़ गई, जब दोनों देशों ने एक-दूसरे पर आखिरी समय में शर्तें बदलने का आरोप लगाया. बातचीत नाकाम होने के बाद अमेरिका ने कनाडा से आने वाले कई सामानों पर 50 फ़ीसदी का नया टैरिफ लगा दिया है. यह पहले से लगाए गए कनाडाई स्टील, एल्युमिनियम, कारों और लकड़ी के सामान पर अमेरिकी टैरिफ़ के अलावा है. हालांकि, नए टैरिफ़ का दायरा सीमित है. यह कनाडा से अमेरिका आने वाले करीब 20 अरब डॉलर के सामान पर लागू होगा, जो कुल कनाडाई आयात का करीब 5 फ़ीसदी है. इसमें शराब, डेयरी उत्पाद, सीमेंट, कपड़े और हॉकी का सामान शामिल हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर होर्मुज़ स्ट्रेट का एक नक्शा शेयर किया है. नक्शे के ऊपर "अमेरिका का नया क्षेत्र" लिखा हुआ है. ट्रंप की शेयर की गई तस्वीर में होर्मुज़ स्ट्रेट को एक गोले से दिखाया गया है. यह पोस्ट उनके हाल के बयानों के बाद आई है. ट्रंप ने इससे पहले शुक्रवार को एक चुनावी रैली में कहा था, "मैं अब होर्मुज़ स्ट्रेट को अमेरिका का इलाका घोषित करता हूं." ट्रंप का यह बयान और नई पोस्ट ऐसे समय में आई है, जब होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है. इस रास्ते से गुजरने वाले तेल के जहाज़ों और दूसरे व्यापारिक जहाज़ों की आवाजाही भी काफी कम हो गई है. होर्मुज़ स्ट्रेट एक अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्ता है. इसके एक तरफ ईरान और दूसरी तरफ ओमान है. इस रास्ते से खाड़ी के देशों का बड़ी मात्रा में तेल और गैस दुनिया के दूसरे हिस्सों तक पहुंचता है. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें. - राहुल गांधी ने मनुस्मृति के एक उद्धरण को बताया शर्मनाक, बीजेपी ने क्या कहा - मनन मिश्रा फिर विवादों में, बीसीआई के को-चेयरमैन ने अनियमितता का आरोप लगा मांगा इस्तीफ़ा - राष्ट्रीय कर्ज़ पहुंचा रिकॉर्ड स्तर पर, अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए कितनी बड़ी ख़तरे की घंटी - जंतर मंतर प्रोटेस्टः प्रदर्शनकारियों पर फ़ेशियल रिकॉग्निशन तकनीक से कैसे रखी जा रही थी नज़र - बीबीसी पड़ताल
स्रोत: BBC Hindi