Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

सोनिया गांधी की किताब को न छापने की रिपोर्ट पर पब्लिकेशन कंपनी ने जारी किया बयान

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित संस्मरण किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ़ लव' को लेकर प्रकाशन कंपनी पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने बयान जारी कर बताया है कि वो भारत में इस किताब की प्रकाशक नहीं है. हालांकि, इससे पहले अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस ने एक रिपोर्ट में यह दावा किया था कि पैंगुइन रैंडम हाउस इंडिया इसके प्रकाशन से पीछे हट गई है. अख़बार की रिपोर्ट के मुताबिक़, प्रकाशक ने सोनिया गांधी से किताब के कुछ हिस्सों को संपादित करने और हटाने के लिए कहा था जिससे उन्होंने इनकार कर दिया. वहीं, एक बयान में पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने कहा है कि वह भारत में 'बिलॉन्गिंग' की प्रकाशक नहीं है. अपने बयान में पेंगुइन ने कहा है, "पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया भारत में 'बिलॉन्गिंग' की प्रकाशक नहीं है. ये कहना कि पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने 'बिलॉन्गिंग' को प्रकाशित न करने का निर्णय इसलिए लिया क्योंकि लेखिका ने संपादकीय बदलावों को ख़ारिज कर दिया था, यह परिस्थितियों को सटीक रूप से प्रदर्शित नहीं करता है." पेंगुइन ने अपने बयान में कहा, "तथ्य की जांच करना और लेखक को ऐसी सिफ़ारिशें देना जो किताब और लेखक दोनों के हित में हो, एक प्रकाशक के रूप में हमारा विशेषाधिकार और ज़िम्मेदारी दोनों है." किताब पर दिए गए संपादकीय सुझावों को पेंगुइन ने प्रकाशन प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा बताया है और कहा है कि वह इसके प्रकाशन को लेकर तैयार और इच्छुक थी. पेंगुइन ने कहा, "किताब पर चर्चाओं के दौरान पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया का रुख़ यही था कि हम पुस्तक को प्रकाशित करने के लिए तैयार और बेहद इच्छुक बने रहें." पेंगुइन ने यह भी कहा है कि वह आगे लेखिका के साथ हुई गोपनीय चर्चाओं पर कोई टिप्पणी नहीं करेगी. देश - दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां. इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, सोनिया गांधी की किताब का विमोचन 10 नवंबर को निर्धारित था. पेंगुइन रैंडम हाउस की ही अमेरिका स्थित डिवीज़न अल्फ़्रेड ए नोप ने सबसे पहले इसकी घोषणा की थी. नोप ने बताया था कि पहले प्रिंट में इस किताब की एक लाख कॉपियां तैयार की जाएंगी. एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक़, पेंगुइन के पीछे हटने के बाद कई प्रकाशकों ने इस किताब के प्रकाशन में दिलचस्पी दिखाई है और हार्पर कोलिंस भारत में इस किताब के प्रकाशन और वितरण के लिए समझौते के क़रीब है. इस किताब को लेकर दिए बयान में नोप ने इसे दुनिया की सबसे ताक़तवर महिला नेताओं में से एक का एक आकर्षक संस्मरण कहा था. नोप ने कहा था, "यह संस्मरण प्यार, परिवार और एक बेहद दिलचस्प देश भारत की एक समृद्ध और आकर्षक कहानी बयां करता है." नोप के बयान में सोनिया गांधी के हवाले से कहा गया था, "मेरे परिवार के बारे में बहुत कुछ लिखा गया है, लेकिन बहुत कम आख्यान उनकी प्रेरणाओं, उनके कार्यों और यहां तक कि उनकी मानवीय कमियों की सच्चाई तक पहुंच पाए हैं. छह दशकों से मैं जिन सामाजिक और राजनीतिक बदलावों की गवाह रही हूं, मेरी कहानी पाठकों को उनका एक अनूठा नज़रिया भी पेश करेगी." इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस और उससे जुड़े संगठन तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक्स पर लिखा, "हमारी आदरणीय नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा के प्रकाशन से प्रकाशक का मना करना अत्यंत चिंता का विषय है." कमलनाथ ने सवाल किया, "श्रीमती गांधी जैसा वरिष्ठ व्यक्ति क्या लिखेगा और क्या नहीं, यह प्रकाशक तय करेगा? सवाल यह भी है कि प्रकाशक स्वयं यह कह रहा है या उस पर किसी का दबाव है?" राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लिखा, "सोनिया गांधी जी की आने वाली किताब को पेंगुइन वर्ल्डवाइड कंपनी मूलस्वरूप में दुनियाभर में छापने को तैयार है पर पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया भारत में इसे लॉन्च करने के लिए बदलाव करवाना चाहता है. आखिर ऐसी कौन सी वजह या कौन सा दबाव है जो दुनिया भर में छापा जा रहा है उसे भारत में नहीं छाप सकते." केरल कांग्रेस ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "मोर का पेंगुइन का रास्ता रोक देना सिर्फ़ किसी एक बुज़ुर्ग की कल्पना है. बिलॉन्गिंग को आप तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता है." महाराष्ट्र से कांग्रेस के विधायक असलम शेख़ ने एक्स पर लिखा, "अगर विपक्ष की एक वरिष्ठ नेता का संस्मरण बिना बदलावों और संपादन के प्रकाशित नहीं हो सकता है तो हम पेंगुइन इंडिया से पूछना चाहेंगे कि भारत में अभिव्यक्ति की आज़ादी की जगह को क्या हो गया है?" उन्होंने कहा, "लोकतंत्र में परेशान कर देने वाले सत्य को सुनने का साहन होना चाहिए ना कि चुपचाप उसे संपादित कर देना चाहिए." वहीं पत्रकार मुकेश कुमार ने इस घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए एक्स पर कहा, "पेंगुइन इंडिया का सोनिया गांधी की आत्मकथा से पीछे हटना सामान्य घटना नहीं है. ये बताता है कि मौजूदा राज में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर कितनी तरह की पाबंदियां लगाई जा रही हैं और प्रकाशन उद्योग कितने दबाव में काम कर रहा है." पत्रकार स्वाति चतुर्वेदी ने किताब के प्रकाशन से पीछे हटने को कायराना बताते हुए एक्स पर पोस्ट किया, "तो पेंगुइन सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग' को प्रकाशित करने से इसलिए डरकर पीछे हट गया क्योंकि उसमें समकालीन राजनीतिक घटनाओं का विवरण, मोदी का अप्रिय चित्रण, संस्थानों पर 'आपातकाल जैसे' हमले और विभाजनकारी राजनीति से पोषित सांप्रदायिक विभाजन का ज़िक्र था. यह कायरता क्यों?" बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित. BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

स्रोत: BBC Hindi