गोंडा। जननायक एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रही 22 वर्षीय महिला यात्री रुचि को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। यात्रियों की सूचना पर रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ। गोंडा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहले से मौजूद रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम ने महिला को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। इसी दौरान महिला ने बेटे को जन्म दिया। रेलवे प्रशासन की तत्परता से जच्चा-बच्चा को समय पर सहायता मिल सकी।
सूचना के मुताबिक गाड़ी संख्या 15212 के जनरल कोच में यात्रा के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ने की सूचना डिप्टी एसएस कमर्शियल जमुना प्रसाद को दी गई। उन्होंने तत्काल रेलवे अस्पताल की डॉक्टर प्रतिभा सिंह और मेडिकल टीम को आवश्यक तैयारी के निर्देश दिए। ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंचते ही टीम ने कोच में पहुंचकर प्रसव कराया। नवजात की किलकारी गूंजते ही यात्रियों ने राहत की सांस ली और रेलवे कर्मचारियों की तत्परता की सराहना की।
ट्रेन के सामान्य डिब्बे में गूंजी नवजात की किलकारी रेलवे टीम ने कराया सुरक्षित प्रसव