गोण्डा 29 अक्टूबर,2026*।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार नगर मजिस्ट्रेट गोण्डा पंकज वर्मा की अध्यक्षता में सम्भागीय परिवहन कार्यालय, गोण्डा में बस यूनियन के पदाधिकारियों, ऑटो/टैम्पो स्टैण्ड यूनियन के संचालकों तथा ई-रिक्शा संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सी.ओ. यातायात एवं आर.सी. भारतीय, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, गोण्डा उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सम्मिलित होने के लिए जनपद में आने वाले अभ्यर्थियों एवं अभ्यर्थिनियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना रहा।
बैठक के दौरान बस, टैक्सी, मोटर कैब एवं ई-रिक्शा स्वामियों तथा चालकों से स्पष्ट रूप से अनुरोध किया गया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए यात्रा कर रहे अभ्यर्थियों एवं अभ्यर्थिनियों से निर्धारित किराये से अधिक धनराशि न वसूली जाए। साथ ही उनके साथ किसी भी परिस्थिति में अनुचित अथवा अभद्र व्यवहार न किया जाए। सभी वाहन संचालकों को निर्देशित किया गया कि परीक्षार्थियों के आवागमन के दौरान सहयोगात्मक व्यवहार अपनाएं, जिससे उन्हें परीक्षा केन्द्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में यह भी बताया गया कि यदि यात्रा के दौरान भूलवश किसी अभ्यर्थी अथवा अभ्यर्थिनी का मोबाइल फोन, पर्स, प्रवेश पत्र या अन्य कोई मूल्यवान सामग्री किसी वाहन में छूट जाती है, तो संबंधित वाहन संचालक अथवा चालक उस सामग्री को सुरक्षित रखते हुए गुरुनानक चौराहे पर स्थित यातायात चौकी में जमा कराएं। इसके लिए वाहन संख्या नोट कराकर सामग्री जमा करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की गई, ताकि संबंधित व्यक्ति को उसकी खोई हुई वस्तु वापस मिल सके।
नगर मजिस्ट्रेट गोण्डा के नेतृत्व में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में विशेष रूप से ड्रग्स अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन संचालित करने वाले चालकों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा यात्रियों सहित आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
प्रशासन द्वारा आम जनमानस, वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की गई है कि नशे की स्थिति में किसी भी दशा में वाहन का संचालन न करें। यातायात नियमों का पालन करें तथा प्रतियोगी परीक्षार्थियों के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार करें। निर्धारित किराया लेना, यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखना और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा एवं परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक निगरानी और चेकिंग की कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रतियोगी परीक्षार्थियों से निर्धारित किराया ही लें अभद्र व्यवहार पर होगी कार्रवाई
Examination की और खबरें
📰
8,9 एवं 10 जून को आयोजित की जायेगी पुलिस भर्ती परीक्षा 36144 परीक्षार्...
4 महीने पहले
जिला टाप कर रुचि दूबे ने बढ़ाया मान 97 प्रतिशत अंक किया हासिल
6 महीने पहले📰
होम गार्ड भर्ती परीक्षा के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों का एसपी ने किया न...
6 महीने पहले