छपिया गोंडा। छपिया थाना क्षेत्र में मसकनवा-गौराचौकी मार्ग पर मदनपुर गांव के पास रविवार सुबह चार पहिया वाहन से पहुंचे लोगों ने एक युवक पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से लगभग 33 वर्षीय भोला पांडेय घायल हो गए। उनके दाहिने हाथ की उंगली और पीठ में गोली लगी है। उन्हें गोंडा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
छपिया थाना क्षेत्र के सुमेरपुर नाकई बनकट निवासी भोला पांडेय के मुताबिक रविवार रात में वह अपने भांजे सूरज मिश्रा और शिवम पांडेय के साथ मोटरसाइकिल से मसकनवा-गौराचौकी मार्ग पर मदनपुर गांव के पास पहुंचे थे। गोंडा जाने के लिए वे वहां रुके हुए थे। इसी दौरान मसकनवा की तरफ से चार पहिया वाहन से कई लोग पहुंचे। आरोप है कि अभिषेक राणा निवासी नरिचा थाना छपिया विवेक मदनवाल निवासी चंद्रदीप घाट थाना खोड़ारे, शशांक पांडेय और कुछ अज्ञात लोग असलहे व अन्य हथियार लेकर पहुंचे।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उन पर कई राउंड फायरिंग कर दिया और गोली लगने से वह घायल हो गए। किसी तरह जान बचाने के बाद पुलिस के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोंडा जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां मेडिकल परीक्षण के बाद भर्ती कर लिया गया। घटना के समय मौजूद सूरज मिश्रा और शिवम पांडेय सुरक्षित हैं। छपिया थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।