Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

आयुष्मान कार्ड के नाम पर ठगी मामले में भभुआ के अनमोल पर एफआईआर



कर्नलगंज गोंडा। साइबर ठगी पर लगाम कसने के लिए थाना कोतवाली कर्नलगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भंभुआ गांव निवासी अनमोल सविता पुत्र मुनऊ के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पर आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत एफआईआर दर्ज की है।

खास बात यह है कि यह मुकदमा किसी आम व्यक्ति की तहरीर पर नहीं, बल्कि थाना करनैलगंज के साइबर हेल्प डेस्क के नोडल अधिकारी उपनिरीक्षक शशांक मौर्य की जांच रिपोर्ट पर दर्ज हुआ है। थाने पर संचालित एनसीआरपी पोर्टल, जेएमआईएस पोर्टल तथा अन्य डिजिटल इंटेलिजेंस माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं एवं उपलब्ध डिजिटल अभिलेखों के परीक्षण के बाद यह कार्रवाई की गई।

पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है कि आरोपी मोबाइल नंबर 96704XXXXX के माध्यम से लोगों को आयुष्मान कार्ड बनवाने एवं अन्य कई तरीकों से झांसे में लेकर साइबर धोखाधड़ी करता था और धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि स्वयं के उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के खाते में प्राप्त करता था।

एनसीआरपी पोर्टल पर 17 शिकायतों का जाल - सबसे बड़ा खुलासा

मोबाइल नंबर पर 07 शिकायतें दर्ज:

जांच में मोबाइल नंबर पर कुल 07 एनसीआरपी शिकायतें मिली हैं, जो महाराष्ट्र और यूपी के कई जिलों के बताए जाते हैं। आरोपी के बैंक खाता संख्या 90760100152XXX पर कुल 10 शिकायतें प्रदर्शित हैं। ये शिकायतें महाराष्ट्र के नवी मुंबई एवं चंद्रपुर तथा उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर, बहराइच, गोंडा, अयोध्या, खीरी, मुरादाबाद, बाराबंकी एवं मऊ जनपदों से संबंधित हैं। पोर्टल पर उक्त बैंक खाते का विभिन्न शिकायतों में लेयर-1, लेयर-2 एवं लेयर-3 में प्रदर्शित होना पाया गया है। एफआईआर में स्पष्ट लिखा गया है कि उक्त मोबाइल नंबर एवं बैंक खाते का विभिन्न जनपदों की एनसीआरपी शिकायतों में बार-बार उल्लेख होना संदिग्ध के द्वारा गंभीर साइबर धोखाधड़ी किया जाना प्रदर्शित करता है। कोतवाली पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और बैंक खाते के लेन-देन की विस्तृत जांच की जा रही है।