Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

थैलीसीमिया पीड़ित बालक को मिला जीवनदाई रक्त पुलिस ने निभाया मानवीय दायित्व



गोण्डा। आज दिनांक 24.02.2026 को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल को जिला अस्पताल गोण्डा से एक 15 वर्षीय बालक ऋषि शुक्ला पुत्र जयप्रकाश शुक्ला निवासी ग्राम/पोस्ट परसा गोण्डरी, थाना को0 कर्नलगंज, जनपद गोण्डा द्वारा दूरभाष के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि वह थैलेसीमिया मेजर नामक गंभीर अनुवांशिक रक्त रोग से पीड़ित है। उक्त बीमारी के कारण उसके शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर सामान्य नहीं रह पाता, जिसके चलते उसे प्रत्येक माह नियमित रूप से रक्त चढ़ाया जाना अनिवार्य होता है।

 वर्तमान में उसकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा तत्काल A पॉजिटिव ब्लड ग्रुप की आवश्यकता बताई गई थी। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए कि बालक को शीघ्रातिशीघ्र आवश्यक रक्त उपलब्ध कराया जाए। पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देश के क्रम में जनपद पुलिस द्वारा तत्काल रक्तदाताओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया प्रारम्भ की गई। इसी क्रम में प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षी आकाश वर्मा व मनीष अवस्थी द्वारा मानवता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए स्वेच्छा से रक्तदान हेतु सहमति प्रदान की गई।

 तत्पश्चात वे जिला अस्पताल गोण्डा पहुंचकर आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण पूर्ण कराने के उपरांत आकाश वर्मा द्वारा बालक को A पॉजिटिव रक्तदान किया गया। जिससे बालक को आवश्यक रक्त की आपूर्ति हो गई। एक ही आरक्षी द्वारा प्रदत्त रक्त से आवश्यकता पूर्ण हो जाने के कारण दूसरे आरक्षी का रक्तदान आवश्यक नहीं रहा। समय रहते रक्त उपलब्ध हो जाने से बालक का उपचार सुचारु रूप से प्रारम्भ कराया गया। बालक के परिजनों द्वारा जनपद पुलिस एवं विशेष रूप से रिक्रूट आरक्षी आकाश वर्मा के इस मानवीय एवं सराहनीय कार्य के प्रति आभार व्यक्त किया गया। 

पुलिस विभाग का यह कार्य जनसेवा, संवेदनशीलता एवं सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। जनपद गोण्डा पुलिस आमजन की सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय सरोकारों के प्रति भी पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने हेतु तत्पर है। गोण्डा पुलिस द्वारा सभी सम्मानित जनपदवासियों से विनम्र अपील है कि हम सभी को बढ़चढ़ कर रक्तदान करना चाहिए , आपका रक्तदान किसी के लिए जीवनदान हो सकता है ।