बालपुर क्षेत्र में जियो एयरटेल समेत सभी प्रमुख कंपनियों का इण्टरनेट ध्वस्त उपभोक्ताओं में आक्रोश
बालपुर गोंडा। लखनऊ हाईवे के बालपुर क्षेत्र में जिओ और एयरटेल जैसी बड़ी कम्पनी का इंटरनेट नेटवर्क फेल हो गया लगता है। दोनों कम्पनी का इंटरनेट नेटवर्क 24 घंटे खराब रहता है। इससे क्षेत्र के जिओ एवं एयरटेल कंपनी के हजारों उपभोक्ता आजिज हो चुके हैं और हैरान परेशान नजर आ रहे हैं। दोनों प्रमुख कंपनियों का इंटरनेट नेटवर्क बिजली के सहारे छोड़ दिया गया है। अब तो स्थिति इतनी ज्यादा खराब हो गई है कि बिजली रहने पर भी इण्टरनेट नेटवर्क काम नहीं कर रहा है। इसके चलते सभी जरूरी काम प्रभावित होकर रह गए हैं।
इसी से इस कंपनी के उपभोक्ता अपना अपना जिओ एवं एयरटेल कंपनी का सिम निकालकर फेंकने के बारे में मजबूर हैं। क्योंकि कंपनी का कोई अधिकारी इस क्षेत्र में खराब इंटरनेट नेटवर्क समस्या की सुनवाई करने वाला नहीं है। पीड़ित उपभोक्ता जाएं तो कहां जाएं। कमोवेश यही हाल एयरटेल एवं वोडाफोन कंपनी के इंटरनेट नेटवर्क का भी है। सभी प्राइवेट इंटरनेट नेटवर्क प्रोवाइडर कंपनियां मनमानी घरजानी उतर आई लगती हैं। जिओ कंपनी के खराब इंटरनेट नेटवर्क की यह समस्या सालभर ऊपर से भगवान भरोसे संचालित हो रही है। इंटरनेट नेटवर्क प्रोवाइडर सभी कंपनियों का जोर क्षेत्र में केवल ज्यादा से ज्यादा सिम कार्ड बेचने पर है।
इंटरनेट नेटवर्क सही ढंग से उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराना हवा हवाई साबित हो रहा है। इसको लेकर क्षेत्र के अनेक उपभोक्ताओं के सभी कंपनियों में बार बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। जियो कंपनी के क्षेत्रीय गौरव माथुर से खराब नेटवर्क के बारे में पूछने पर कहा कि इण्टरनेट नेटवर्क सुधारने का प्रयास किया जायेगा। उनके आश्वासन के बावजूद इण्टरनेट नेटवर्क में कोई सुधार नहीं किया गया। इस तरह से सभी इण्टरनेट प्रोवाईडर कंपनियों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भारी लापरवाही का खामियाजा क्षेत्रीय उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। इससे क्षेत्र का आम इण्टरनेट उपभोक्ता त्रस्त होकर रह गया है और ठगा महसूस कर रहा है।