किसान दिवस पर डीएम ने किसानों की सुनी समस्याएं
गोण्डा 19 दिसम्बर,2025*। कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में किसानों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं को सुनना तथा उनके त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण को सुनिश्चित करना रहा।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित किसानों से एक-एक कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। किसानों द्वारा कृषि, विद्युत, सिंचाई, चकबंदी, बैंक ऋण, खाद-बीज की उपलब्धता, फसल बीमा, नहरों की सफाई एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित विषयों को रखा गया। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि किसान की समस्याओं का समय से समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और शिकायतकर्ताओं को समय से इसकी जानकारी भी दी जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन समस्याओं का समाधान तत्काल संभव है, उन्हें मौके पर ही निस्तारित किया जाए, जबकि शेष मामलों में निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि किसानों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्याओं के निस्तारण हेतु आश्वासन दिया।
बैठक में उपनिदेशक कृषि प्रेम ठाकुर, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) विनोद त्रिपाठी, चकबंदी अधिकारी बन्दोबस्त, अधिशासी अभियंता विद्युत राधेश्याम भाष्कर सहित कृषि, राजस्व, विद्युत, सिंचाई, बैंक एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Meeting की और खबरें
डीएम की अध्यक्षता में एचपीवी वैक्सीन एवं पल्स पोलियो अभियान हेतु बैठक
3 दिन पहले
देवीपाटन एवं बस्ती मण्डल की विकास योजनाओं पर मंथन कनेक्टिविटी परियोजना...
1 सप्ताह पहले📰
गोंडा में योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करेंगे राज्यमंत्र...
1 सप्ताह पहले