Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

आपदा प्रबंधन एवं बाढ़ राहत से संबंधित तहसील एवं ब्लाक मुख्यालय पर स्थापित हो कंट्रोल रूम - डीएम



गोण्डा 07 मई, 2026*।
 कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन तथा बाढ़ की तैयारियों से संबंधित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समय से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण अवश्य कर लें तथा सभी आवश्यक सुविधाओं एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूर्व तैयारी अत्यंत आवश्यक है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता बाढ़ खण्ड को निर्देशित किया कि सभी तटबंधों पर आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु जेसीबी, पोकलैंड, ट्रैक्टर तथा अन्य आवश्यक सामग्री एवं संसाधन हर समय उपलब्ध रखे जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे जनहानि एवं नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल चार तटबंध तथा 28 बाढ़ चौकियां स्थापित हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी तटबंधों एवं बाढ़ चौकियों का समय से निरीक्षण कर उनकी स्थिति का परीक्षण कर लिया जाए तथा सभी बाढ़ चौकियों को समय से पहले सक्रिय कर दिया जाए, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें।
उन्होंने निर्देशित किया कि तहसील मुख्यालयों एवं ब्लॉक मुख्यालयों पर बाढ़ संबंधी कंट्रोल रूम की स्थापना अनिवार्य रूप से की जाए तथा वहां आवश्यक उपकरणों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, पंचायत राज विभाग, पशुपालन विभाग एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वे अपने विभाग से संबंधित सभी तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर समय से पूर्ण कर लें। स्वास्थ्य विभाग को दवाइयों एवं मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने, पशुपालन विभाग को पशुओं के उपचार एवं चारे की व्यवस्था करने तथा विद्युत विभाग को बरसात से पूर्व विद्युत आपूर्ति संबंधी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त पंचायत राज विभाग, नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिकारियों को बरसात से पूर्व सभी नालों, नालियों एवं जलभराव वाले स्थानों की विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए गए। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, कृषि विभाग, कार्यक्रम विभाग, परिवहन विभाग एवं राजस्व विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित करते हुए समय से सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे एवं अपने विभागों की तैयारियों से संबंधित प्रगति आख्या प्रस्तुत की।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, उपजिलाधिकारी तरबगंज प्रदीप कुमार, उप जिलाधिकारी करनैलगंज सुश्री नेहा मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर गोंडा जितेंद्र गौतम, एक्सईएएन बाढ़ खण्ड जय सिंह, एक्सईएएन प्रांतीय खंड प्रमोद त्रिपाठी, जिला पंचायत अधिकारी लालजी दुबे, जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव सहित अन्य सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।