Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

मंडलायुक्त डीआईजी डीएम एवं एसपी को पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी



गोंडा। पत्रकारों के साथ होने वाली घटनाओं, उनकी सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य सुविधाओं और पत्रकार हितों से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन गोंडा ने अब अपनी आवाज बुलंद कर दी है। मंगलवार को संगठन के पदाधिकारियों एवं सैकड़ों पत्रकारों ने एकजुट होकर जोरदार नारेबाजी की और मंडलायुक्त, पुलिस उपमहानिरीक्षक, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजते हुए संगठन ने शासन-प्रशासन से पत्रकारों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन में उमरी बेगमगंज थाना प्रभारी द्वारा पत्रकार अतुल तिवारी को कथित रूप से अपमानित किए जाने और मारपीट किए जाने के प्रकरण को प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जांच पूरी होने तक संबंधित थाना प्रभारी के निलंबन की मांग की। साथ ही संबंधित क्षेत्राधिकारी की भूमिका की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग रखी गई।

संगठन ने कहा कि घटना से जुड़े तथ्यों को सामने लाने के लिए घटनास्थल मेडिकल स्टोर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तत्काल सुरक्षित कर जांच में शामिल की जाए, ताकि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

वहीं पत्रकार सत्यम मिश्रा एवं अतुल तिवारी पर हमले के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग भी ज्ञापन में प्रमुखता से शामिल रही। एसोसिएशन ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने शासन-प्रशासन से पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन का कहना है कि ग्रामीण और क्षेत्रीय पत्रकार सीमित संसाधनों के बीच गांव, गरीब, किसान, मजदूर और आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का काम करते हैं। ऐसे में पत्रकारों के साथ होने वाली किसी भी घटना की निष्पक्ष जांच और समयबद्ध कार्रवाई आवश्यक है, ताकि पत्रकार बिना भय के अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

एसोसिएशन ने पत्रकारों और प्रशासन के बीच संवाद व्यवस्था को मजबूत करने की भी मांग उठाई। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर पत्रकार-अधिकारी मासिक गोष्ठी आयोजित कराने की मांग की गई, जिससे विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी पत्रकारों को समय से मिल सके और जनहित से जुड़े विषयों पर प्रशासन तक तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाई जा सके।

ज्ञापन में विभिन्न माध्यमों में प्रकाशित खबरों पर संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की सूचना संबंधित पत्रकार को उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही लंबित पत्रकार बैठक तत्काल आयोजित कराने तथा पत्रकारों से जुड़ी शिकायतों की जांच के लिए स्वतंत्र अथवा बहु-सदस्यीय समिति गठित कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी गई।

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों से जुड़े मामलों को लंबित रखने के बजाय प्रत्येक शिकायत पर निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे पत्रकारों में प्रशासन के प्रति विश्वास और संवाद की व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

पत्रकारों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को भी ज्ञापन में प्रमुखता दी गई। संगठन ने गोंडा मेडिकल कॉलेज सहित प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पत्रकारों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने तथा अस्पतालों में उपलब्ध न होने वाली आवश्यक दवाओं की व्यवस्था कराने की मांग की।

इसके साथ ही पत्रकारों के लिए गैस बुकिंग के 24 घंटे के भीतर होम डिलीवरी उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण एवं क्षेत्रीय पत्रकारों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा से जोड़ने के लिए शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजने की मांग भी उठाई गई।


ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने शासन-प्रशासन से पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए एक सप्ताह का समय दिया है। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि में मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती है तो एसोसिएशन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन करेगा। इसकी पूर्व सूचना संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दी जाएगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार द्विवेदी, मंडल उपाध्यक्ष आचार्य बागीश कुमार तिवारी, जिलाध्यक्ष प्रदीप तिवारी, महिला विंग जिलाध्यक्ष ऋचा सोनी, रामकुमार कौशल, दीपक कौशल, कुलदीप शुक्ल, पंकज पांडेय, जुनैद अहमद, शैलेंद्र अवस्थी, संदीप अवस्थी, कल्लू कोबरा, प्रदीप शुक्ल, विजय विश्वकर्मा, अमन मिश्रा, वैभव शुक्ला, मदनलाल विश्वकर्मा, बृजभूषण तिवारी, सुरेश मिश्र सहित संगठन के सैकड़ों पत्रकार साथी मौजूद रहे।