गोण्डा। जिले की कानून व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। कटरा बाजार थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम सब्जी लेकर घर लौट रहे 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। एक तरफ परिजन इसे पुरानी रंजिश में की गई निर्मम हत्या बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस इसे महज सड़क हादसा करार देकर पल्ला झाड़ने में जुटी है। इससे यह मामला हत्या और हादसा के बीच उलझकर रह गया है।
कटरा बाजार थाना क्षेत्र क ग्रामपंचायत अशोकपुर के मजरा दूबेपुरवा निवासी 20 वर्षीय प्रदीप दूबे शनिवार शाम घर से मदरहवा चौराहा सब्जी लेने निकला था। परिजनों के मुताबिक वापस लौटते समय गंडाही ग्राम पंचायत के अहिरन पुरवा के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल प्रदीप की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। लहूलुहान हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रदीप तीन भाइयों में दूसरे नंबर का भाई था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने जाटनपुरवा गांव के कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या का सीधा आरोप लगाया है। आरोप है कि वारदात के बाद से आरोपी परिवार घर में ताला लगाकर फरार हैं, जो कहीं न कहीं हत्या की आशंका को बल देता है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
चौंकाने वाली बात यह है कि शरीर पर धारदार हथियार के निशान होने के बावजूद कटरा बाजार पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हादसा बता रही है।
थानाध्यक्ष अजय कुमार तिवारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। सवाल यह उठता है कि यदि यह हादसा है तो आरोपी फरार क्यों हैं और यदि हत्या है तो पुलिस इसे हादसा बताकर मामले को हल्का क्यों कर रही है?
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते गश्त और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त होती तो शायद प्रदीप आज जिंदा होता। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू करने की बात कही है लेकिन परिजन हत्यारों की गिरफ्तारी पर अड़े हैं। प्रदीप दूबे की मृत्यु की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रशासन से प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
हत्या या हादसा के बीच उलझा युवक की सन्दिग्ध मौत का मामला परिजनों में कोहराम
Murder की और खबरें
📰
रामलीला के चंदे का हिसाब मांगने पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर तीन की हत्या...
1 सप्ताह पहले
सब्जी लेकर घर लौटते समय युवक की घात लगाये लोगों ने की बेरहमी से हत्या...
एक महीने पहले📰
गन्ने के बीज हेतु उधार दिए गए 1500 रुपए वापस मांगने पर पीटकर वृद्ध की...
एक महीने पहले