गोण्डा 16 अक्टूबर 2026 - महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जनपद गोण्डा की समस्त तहसीलों में शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को पिंक (समाधान दिवस) / मिशन शक्ति तहसील दिवस का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने इस संबंध में सभी उप जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए आयोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि तहसीलों के मुख्य द्वार एवं सभागार में पिंक समाधान दिवस से संबंधित बैनर लगाए जाएं। महिला शिकायतकर्ताओं की सुविधा के लिए अलग से महिला कर्मचारी की तैनाती के साथ हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां आवश्यकता पड़ने पर प्रार्थना पत्र लिखने की भी व्यवस्था रहेगी। महिलाओं की शिकायतों के पंजीकरण के लिए दो काउंटर बनाए जाएंगे, जिन पर यथासंभव महिला कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।
शिकायतों को राजस्व एवं पुलिस से संबंधित तथा अन्य विभागों से संबंधित श्रेणियों में दर्ज किया जाएगा। शिकायतकर्ताओं को संबंधित विभाग के अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी। शिकायतों के निस्तारण के लिए तहसील दिवस के अध्यक्ष आवश्यक निर्देश जारी करेंगे तथा अंतिम निस्तारण संबंधित उप जिलाधिकारी के अनुमोदन से किया जाएगा।
*भूमि विवादों के निस्तारण के लिए मौके पर पहुंचेगी संयुक्त टीम*
राजस्व एवं पुलिस से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जिन भूमि विवादों में पुलिस की आवश्यकता होगी, उनमें राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम उसी दिन मौके पर जाकर जांच करेगी। टीम द्वारा स्पॉट मेमो, जियोटैग फोटोग्राफ और आवश्यक आख्या प्रस्तुत की जाएगी, जिससे शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी हो सके।
बार-बार शिकायत करने वाले फरियादियों के मामलों में पूर्व में की गई शिकायतों और उन पर हुई कार्रवाई का विवरण भी संलग्न किया जाएगा। संबंधित अधिकारी अब तक शिकायत का निस्तारण न होने के कारणों का स्पष्टीकरण एवं टिप्पणी दर्ज करेंगे। इसके लिए पंजीकरण काउंटर पर लैपटॉप और प्रिंटर की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि पुरानी शिकायतों की प्रतियां निकालकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
*महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगेंगे पिंक स्टॉल*
पिंक समाधान दिवस के अवसर पर कृषि, चिकित्सा, जिला कार्यक्रम, खाद्य एवं रसद, डीसी एनआरएलएम तथा जिला प्रोबेशन विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से पिंक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से महिलाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली किसी महिला कर्मचारी अथवा सामाजिक कार्यकर्ता को सम्मानित भी किया जाएगा। साथ ही, सबसे अच्छे स्टॉल को भी सम्मानित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि पूर्व में तहसील दिवस पर प्राप्त महिलाओं की दो-दो शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को जांच एवं निस्तारण के लिए दिया जाए। अधिकारी उसी दिन जांच कर स्पॉट मेमो, जियोटैग फोटोग्राफ और शिकायतकर्ता के बयान सहित अपनी आख्या संबंधित उप जिलाधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।
पिंक समाधान दिवस के सफल आयोजन एवं की गई कार्रवाई की आख्या सभी संबंधित उप जिलाधिकारियों को 17 अक्टूबर 2026 को सायं 8 बजे तक कलेक्ट्रेट स्थित परिवाद सहायक को उपलब्ध करानी होगी।
गोंडा की सभी तहसीलों में 17 अक्टूबर को आयोजित होगा पिंक समाधान दिवस
Solution Day की और खबरें
मिशन शक्ति के तहत के. एल. इण्टर कालेज की छात्रा सृष्टि शुक्ला एक दिन क...
1 सप्ताह पहले
सदर तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में आई 135 शिकायतों में से 5 का मौके पर...
3 सप्ताह पहले
सम्पूर्ण समाधान दिवस तरबगंज में आई 114 शिकायतों में से 15 का मौके पर न...
एक महीने पहले