गोण्डा। जिले के परसपुर-कर्नलगंज सीबीएन मार्ग पर रविवार को बड़ा हादसा हो गया। आंटा स्थित धर्मकांटा के सामने अचानक सड़क पर सांड़ आ जाने से बाईक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना के मुताबिक तरबगंज थाना क्षेत्र के उमरापुर गांव निवासी 30 वर्षीय शिवप्रकाश मौर्य पुत्र कृष्ण प्रसाद मौर्य अपनी साढ़ू की बेटी नीलम को मुंबई जाने वाली अवध एक्सप्रेस ट्रेन पर बैठाने के लिए बाइक से कर्नलगंज रेलवे स्टेशन जा रहे थे। जैसे ही वह परसपुर-कर्नलगंज मार्ग पर आंटा धर्मकांटा के पास पहुंचे, तभी सड़क पर अचानक सांड़ आ गया। बाईक सांड़ से जाकर टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाईक से उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को सीएचसी परसपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। युवती नीलम की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष परसपुर कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।