सेल्फी लेने के चक्कर में बिसुही नदी में डूबे छात्र का कड़ी मशक्कत के बाद मिला शव कोहराम
मनकापुर गोण्डा। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार दोपहर में अमघटी पुल के पास सेल्फी लेते समय बिसुही नदी में डूबे 12वीं के छात्र का शव 22 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार सुबह बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बीते मंगलवार दोपहर में 19 वर्षीय मोहम्मद कैफ अपने मौसी के बेटे जिया के साथ अमघटी पुल के पास गया था। सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से वह बिसुही नदी में गिर गया और डूबने लगा। जिया ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी।सूचना कोतवाली पुलिस व सादुल्लाह नगर पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लगातार तलाश के बाद बुधवार सुबह 10 बजे कैफ का शव बरामद किया गया।मोहम्मद कैफ मूल रूप से नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत काजीपुर के मजरे कोल्हमपुर गांव का रहने वाला था।
वह बचपन से ही सादुल्लाह नगर स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था और हाजी इस्माइल इंटर कॉलेज में 12वीं की पढ़ाई कर रहा था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाइयों मोहम्मद हुसैन (14 वर्ष) और मोहम्मद हम्मान (10 वर्ष) का रो-रोकर बुरा हाल है।शव मिलने की सूचना पर तहसील प्रशासन के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। मामले की रिपोर्ट तहसील प्रशासन को दी जा रही है।वही प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।