बालपुर गोंडा। लखनऊ हाइवे पर ग्राम नकहा बसन्त में करोड़ों रुपए की लागत से हनुमान जी के विशाल एवं भव्य मंदिर का निर्माण तेजी से हो रहा है। यहां हनुमान जी की 108 फुट की मूर्ति बनाई जा रही है। इसी परिसर में गुरुकुल विद्यालय, अस्पताल एवं गौशाला भी बनाई जायेगी। इसकी सूचना मिलते ही क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
लखनऊ हाइवे पर हलधरमऊ विकास क्षेत्र की ग्रामपंचायत नकहा बसन्त में करोड़ो रुपए की लागत से हनुमान जी का विशाल एवं भव्य मंदिर बनवाया जा रहा है। इस मन्दिर में हनुमान जी की 108 फुट ऊंची मूर्ति लगाने के लिए बनाई जा रही है। हनुमान जी की मूर्ति के सापेक्ष उनके विशाल पद चिन्ह बनाए जा रहे हैं। इस मन्दिर का निर्माण श्री सिद्धेश्वर बालाजी ट्रस्ट के द्वारा कराया जा रहा है। ट्रस्ट से जुड़े लोगों का कहना है कि हनुमान जी की मूर्ति का फाउंडेशन इतना बड़ा बनाया जा रहा है कि मूर्ति के नीचे ही हनुमान जी का मंदिर बनाया जा सके।
उन्होंने आगे बताया कि यह मन्दिर परिसर चार से पांच एकड़ में फैला होगा। इसमें लोगों के इलाज के लिए एक अस्पताल एवं गौशाला का भी निर्माण कराया जायेगा। अस्पताल में सभी बीमार लोगों का निःशुल्क इलाज किया जायेगा। मन्दिर परिसर में एक विशाल सरोवर भी बनाया जायेगा। मन्दिर परिसर में एक गुरुकुल विद्यालय, अनाथ आश्रम एवं वृद्धाश्रम भी बनाया जायेगा। परिसर में एक मन्दिर भगवान श्री राम चन्द्र का भी बनाया जायेगा। साथ ही भगवान श्री राम चन्द्र से जुड़े सभी प्रसंगों को आकर्षक ढंग से दीवालों पर उकेरा जायेगा।
नवग्रह पंचवटी वाटिका, गीता वाटिका, शक्ति वाटिका में नव दुर्गा की मूर्तियां, तुलसी वाटिका एवं महर्षि वाल्मीकि जी के आश्रम का भी निर्माण कराए जाने की योजना है। महर्षि वाल्मीकि आश्रम में माता सीता के बिताये क्षणों और उनके बेटों लव एवं कुश का चरित्र चित्रण सुन्दर ढंग से किया जायेगा। सीता रसोई 24 घंटे चलेगी। इसके माध्यम से यहां पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद उपलब्ध कराया जायेगा। इसको लेकर ट्रस्ट चार एकड़ भूमि पहले ही चरण में खरीद चुका है। इस मन्दिर के बन जाने से इस ग्रामीण क्षेत्र का बहुत तेजी से विकास हो जायेगा।