गोंडा। जनपद 14 अक्टूबर,2026*।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के निरंतर पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदान के लिए अर्ह युवा मतदाताओं के नाम सम्मिलित कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जनपद में आगामी 17 अक्टूबर 2026 (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे।
जनपद में स्थित सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के समस्त 2978 मतदेय स्थलों पर आयोजित इन विशेष कैम्पों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक उपस्थित रहकर नागरिकों से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य “कोई मतदाता न छूटे (No Voter to Be Left Behind)” की संकल्पना को साकार करना तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज कराना है।
नए मतदाताओं के पंजीकरण एवं मतदाता सूची में संशोधन के लिए निर्धारित फार्म का करें उपयोग
ऐसे पात्र नागरिक, जिनकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है और अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे पंजीकरण के लिए फार्म-6 भरकर जमा कर सकते हैं। विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के पंजीकरण हेतु फार्म-6A निर्धारित है। वहीं, मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा डुप्लीकेट प्रविष्टियों के अपमार्जन के लिए फार्म-7 और मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, आयु सहित अन्य अशुद्ध प्रविष्टियों में सुधार अथवा एक स्थान से दूसरे स्थान पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।
नागरिक अपने संबंधित मतदेय स्थल के बूथ लेवल अधिकारी, मतदाता पंजीकरण केंद्र, संबंधित तहसील अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में निर्धारित फार्म जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप तथा आधिकारिक वेबसाइट राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।
राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों से अभियान में सहयोग की अपील
जिला प्रशासन द्वारा जनपद के समस्त राजनीतिक दलों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने कार्यकर्ताओं एवं बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें। इस महत्वपूर्ण कार्य में सभासदों, ग्राम प्रधानों, स्वयंसेवकों तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों से भी नियमानुसार सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है।
अभियान का उद्देश्य सभी अर्ह नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के साथ निर्वाचक नामावली में दर्ज नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरणों की त्रुटियों को दूर करना तथा अपात्र प्रविष्टियों का नियमानुसार अपमार्जन करना है। जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील है कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित विशेष कैम्पों का लाभ उठाएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत 17 से 24 अक्टूबर सभी 2978 मतदेय स्थलों पर लगेंगे कैम्प
Voter List की और खबरें
📰
12 नवंबर को प्रकाशित होगी एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची 11 दिसम्बर तक निस...
1 सप्ताह पहले📰
मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम जोड़ने हेतु चलेगा विशेष अभियान...
2 सप्ताह पहले📰
मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान
2 सप्ताह पहले📰